राहुल गांधी बोले- कपड़ा उद्योग में भी बहुजन का प्रतिनिधित्व नहीं, ‘अन्याय के चक्रव्यूह में फंसे अभिमन्यु’

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को दावा किया कि अन्य उद्योगों की तरह ही कपड़ा और फैशन क्षेत्र में भी बहुजनों के पास न तो प्रतिनिधित्व है और न इसकी शिक्षा तक पहुंच है तथा काबिल होते हुए भी युवा ‘अन्याय के चक्रव्यूह में फंसे अभिमन्यु’ हैं। उन्होंने गत पांच अप्रैल को यहां एक कपड़ा डिजाइन फैक्ट्री के दौरा किया था जिसका वीडियो शनिवार को ‘एक्स’ पर साझा किया।
कांग्रेस नेता ने इस फैक्ट्री से जुड़े एक व्यक्ति के साथ बातचीत का हवाला देते हुए पोस्ट किया। राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मैं आज तक कपड़ा डिजाइन के उद्योग में शीर्ष पर किसी ओबीसी से नहीं मिला’, यह विक्की ने बताया। एक युवा जिसने अपने हुनर के दम पर इस क्षेत्र में अपना व्यापार बनाया है।
उनकी फैक्ट्री के कारीगर 12-12 घंटे तपस्या करते हैं, सुई धागे से जादू बुनते हैं – मगर हाल वही, हुनर की कदर नहीं!” उन्होंने दावा किया, ‘बाकी उद्योगों की तरह ही कपड़ा और फैशन क्षेत्र में भी बहुजनों के पास न तो प्रतिनिधित्व है, न इसकी शिक्षा तक पहुंच, और न ही नेटवर्क में जगह।’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष का कहना था, ‘विक्की जैसे होनहार लोगों से मिलकर मैं उनका काम सीखने की कोशिश करता हूं, ताकि दुनिया को भारतीय युवाओं का असली हुनर दिखे – ये पता चले कि काबिल और मेहनती होते हुए भी ये युवा उपेक्षा और अन्याय के चक्रव्यूह में फंसे अभिमन्यु हैं।’ उन्होंने कहा , ‘मेरी लड़ाई इसी चक्रव्यूह को तोड़ने की है – ताकि हर हुनरमंद को सिस्टम में घुसने का रास्ता मिल सके।’

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular