गृह मंत्री से मिलकर रो पड़े परिजन, शाह ने सिर पर फेरा हाथ, ढांढस बंधाया

पहलगाम, एजेंसी। पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए जब देश के गृह मंत्री अमित शाह श्रीनगर के पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे तो वहां का पूरा माहौल गमगीन था। मृतकों को श्रद्धांजलि देने के बाद गृह मंत्री शाह उस ओर बढ़े जहां मृतकों को परिजन मौजूद थे। अमित शाह ने उनसे मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वे गृह मंत्री के सामने अपनी बातें रख रहे थे। वहीं गृह मंत्री अमित शाह भी काफी मर्माहत नजर आए। उन्होंने लोगों से बात की और बगल में खड़े एक बच्चे के माथे पर हाथ फेरकर उसे सांत्वना दी। लोगों से हिम्मत से काम लेने को कहा।

मृतकों के परिवारों के लिए 10-10 लाख रुपये
जम्मू-कश्मीर CMO ने मृतकों के परिवारों के लिए 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों के लिए 2 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों के लिए 1 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।

पहलगाम भी पहुंचे अमित शाह
आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए यहां पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित शोक समारोह में पुष्पचक्र अर्पित करने के बाद शाह हेलिकॉप्टर से श्रीनगर से करीब 110 किलोमीटर दूर बैसरन के लिए रवाना हुए। बैरसन में ही आतंकवादियों ने पर्यटकों पर हमले किए थे। अमित शाह ने सुरक्षा अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली और मौके का मुआयना किया।


भारत आतंक के आगे नहीं झुकेगा: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर पर एक पोस्ट में कहा, ‘भारी मन से पहलगाम आतंकी हमले के मृतकों को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत आतंक के आगे नहीं झुकेगा। इस नृशंस आतंकी हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।’
आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत
आतंकवादियों ने मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में एक प्रमुख पर्यटक स्थल पर हमला किया, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। इनमें ज्यादातर पर्यटक थे। शाह हमले के कुछ घंटों के भीतर मंगलवार रात को यहां पहुंचे और उन्हें पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने स्थिति के बारे में जानकारी दी। गृह मंत्री ने एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की भी अध्यक्षता की, जिसमें उपराज्यपाल भी शामिल हुए।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular