पहलगाम आतंकी हमले पर रक्षा मंत्री राजनाथ का पहला बयान, बोले- करारा जवाब देंगे, कुछ ही समय में…

नई दिल्ली, एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर पूरे देश में गुस्सा है। आतंकियों और उसके आका पाकिस्तान पर लगातार कार्रवाई की मांग की जा रही है। बता दें कि इस आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई है। मारे गए ज्यादातर लोग पर्यटक थे। वहीं, अब इस आतंकी हमले को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का पहला बयान सामने आ गया है। राजनाथ सिंह ने कहा है कि इस आतंकी हमले का करारा जवाब दिया जाएगा। दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- “हमने कई निर्दोष लोगों की जान गंवाई है। मैं मृतकों के परिवारों के लिए संवेदना व्यक्त करता हूं। आतंकवाद को लेकर भारत की जीरो टॉलरेंस की नीति है।

मैं देशवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी। इस आतंकी हमले के दोषियों के साथ ही इसके पर्दे के पीछे छिपे लोगों तक भी पहुंचा जाएगा। मैं देश को आश्वस्त करना चाहता हूं कि करारा और स्पष्ट जवाब दिया जाएगा।” राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि जल्द ही इसका रिजल्ट भी देखने को मिलेगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साफ तौर पर कहा है कि पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा कायरतापूर्ण तरीके से हमला कर के विशेष धर्म को निशाना बनाया गया है। राजनाथ सिंह ने कहा- “हमले में, हमारे देश ने अनेक निर्दोष नागरिकों को खोया है। इस घोर अमानवीय कृत्य ने, हम सभी को गहरे शोक और दर्द में डुबो दिया है। सबसे पहले मैं, उन सभी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। इस दुखद समय में, दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए, मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।”

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular