‘हम अब कभी कश्मीर नहीं जाएंगे’, पहलगाम हमले में बाल-बाल बचे दंपति ने बताई आपबीती

जयपुर। पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई। जिन लोगों ने हमले में अपनों को खोया, उन्हें जीवनभर ये घटना परेशान करेगी, लेकिन साथ ही कई लोग ऐसे भी हैं, जो इस हमले में बाल-बाल बच तो गए, लेकिन इस हमले की भयावहता उनके साथ भी जीवनभर रहेगी। ऐसे ही लोगों में शामिल हैं जयपुर के एक दंपति मिहिर सोनी और कोमल। दोनों पहलगाम हमले के वक्त मौके पर मौजूद थे और कुछ कदमों की दूरी से आतंकियों की गोली का शिकार होने से बच गए। मिहिर और कोमल बुधवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, मिहिर सोनी ने घटना को याद करते हुए बताया कि ‘हम पहलगाम पहुंचे ही थे, सब कुछ ठीक था। हमने भेलपुरी ली और एक कोने में बैठकर खाने लगे। तभी अचानक गोलियां चलने की आवाजें सुनाईं देने लगीं, लोग चीख रहे थे और इधर-उधर भाग रहे थे।’ मिहिर और उनकी पत्नी ने किसी तरह से छिपकर अपनी जान बचाई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मिहिर ने बताया कि जब आतंकियों का हमला हुआ, उस वक्त वहां कोई पुलिसकर्मी या सेना के जवान मौजूद नहीं थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मिहिर की पत्नी कोमल ने भावुक होते हुए कहा कि ‘अब हम कभी कश्मीर नहीं जाएंगे। हम खुद को बहुत भाग्यशाली मानते हैं।’

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular