आखिर क्यों ‘अंदाज अपना अपना’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में नहीं पहुंचे आमिर, अब अभिनेता ने बताई वजह

आमिर खान-सलमान खान की कल्ट कॉमेडी फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ अपनी रिलीज के तकरीबन 31 साल बाद आज सिनेमाघरों में फिर से रिलीज हुई है। री-रिलीज से पहले मुंबई में फिल्म की एक स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई। फिल्म की क्रू और कलाकारों के लिए आयोजित इस स्पेशल स्क्रीनिंग में फिल्म के मुख्य अभिनेता आमिर खान शामिल नहीं हुए। अब अभिनेता ने खुद ये बताया है कि वो आखिर क्यों इस स्पेशल स्क्रीनिंग का हिस्सा नहीं बन सके।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले से आहत हैं आमिर
बॉलीवुड हंगामा से बातचीत के दौरान आमिर खान ने बताया कि आखिर क्यों वो ‘अंदाज अपना अपना’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में शामिल नहीं हुए। अभिनेता ने बताया कि इसके पीछे की वजह 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुआ भयावह आतंकी हमला है। उन्होंने कहा, “मैं कश्मीर के पहलगाम में हुई घटनाओं के बारे में रिपोर्ट पढ़ रहा था। बेगुनाहों की बेवकूफी भरी हत्या से मैं बुरी तरह प्रभावित हुआ हूं। मैं स्क्रीनिंग में जाने की स्थिति में नहीं था। मैं अब इसे इस सप्ताह के अंत में देखूंगा।”
31 साल बाद री-रिलीज हुई ‘अंदाज अपना अपना’
साल 1994 में रिलीज हुई ‘अंदाज अपना अपना’ अब 31 साल बाद फिर से सिनेमाघरों में री-रिलीज हो रही है। राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में आमिर खान के साथ सलमान खान, रवीना टंडन, करिश्मा कपूर, शक्ति कपूर और परेश रावल प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं। ‘अंदाज अपना अपना’ अपनी रिलीज के समय बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई थी, लेकिन रिलीज के कई साल बाद अब इसकी गिनती बॉलीवुड की कल्ट-क्लासिक फिल्मों में होती है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular