गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मगलवार को दो दिन के दौरे पर गोरखपुर पहुंचे। जहां उन्होंने बुधवार को गोरखनाथ मंदिर की पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने महंत दिग्विजय नाथ स्मृति सभागार में जनता दरबार लगाया। इस दौरान सीएम ने 200 लगा की समस्या सुनी और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि गरीब और कमजोर वर्ग की जमीनों पर कब्जा करने वाले दबंगों को कड़ा सबक सिखाया जाये और जमीन को कब्जा मुक्त करायें।
पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ होगा न्याय
उन्होने आगे कहा कि सरकार किसी के भी साथ अन्याय नहीं होने देने और हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने को संकल्पित है। राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को उन्होंने पूरी पारदर्शिता वह निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी मदद की जाए।
अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने जमीनी विवाद से जुड़ी समस्या मुख्यमंत्री को बताई। इस पर योगी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही का निर्देश देते हुए महिला को भरोसा दिया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री का यह आश्वासन सुनते ही महिला ने भारी मन से एक और पीड़ा बता दी। कहा कि घर वापस जाने के लिए किराया नहीं है। महिला की यह बात सुन योगी ने कहा, परेशान मत होइए, घर जाने का किराया भी मिल जाएगा। इतना कहते ही उन्होंने मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों से महिला को किराए की रकम देने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के इस भावपूर्ण व्यवहार पर महिला करबद्ध होकर कृतज्ञता जताने लगी।
200 लोगों की सुनी फरियादें
सीएम योगी ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और सभी समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अफसरों को निर्देशित किए। हर बार की भांति इस बार के जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए।
सीएम ने दो जुड़वाँ बच्चो को दुलारा
जनता दर्शन में कुछ लोगों के साथ उनके बच्चे भी आए थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें दुलारकर आशीर्वाद और चॉकलेट दिया। योगी ने चार माह के जुड़वा बच्चों (भाई-बहन) को अपनी गोद में लेकर दुलार किया और आशीर्वाद दिया। गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही।
गोशाला पहुंचे सीएम योगी
बुधवार प्रातःकाल शिवावतार गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन करने, अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर मत्था टेकने के बाद सीएम योगी मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मंदिर की गोशाला में पहुंचे। यहां उन्होंने गोवंश के बीच समय बिताया और गोसेवा की। मंदिर परिसर का भ्रमण करने के दौरान सीएम योगी जब भीम सरोवर पर पहुंचे तो वहां बतखों का समूह विचरण कर रहा था। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से चारा खिलाकर बतखों पर भी स्नेह बरसाया।