तापसी पन्नू को है इस बात का डर, कंटेंट क्रिएटर की आत्महत्या पर जताई चिंता

अभिनेत्री तापसी पन्नू अक्सर समाज में घट रही घटनाओं पर भी प्रतिक्रिया देती हुई नजर आती हैं। अभिनेत्री ने कंटेंट क्रिएटर मीशा अग्रवाल की मौत पर प्रतिक्रिया दी है। मीशा के परिवार का दावा है कि इंस्टाग्राम फॉलोअर्स घटने के बाद अपने करियर के खत्म होने के डर से उन्होंने आत्महत्या कर ली।
मानसिक स्वास्थ्य पर जताई चिंता
तापसी पन्नू ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट साझा किया। अभिनेत्री ने इस घटना को दिल दहला देने वाला बताया। तापसी ने वर्चुअल वैलिडेशन और सोशल मीडिया मेट्रिक्स के बढ़ते जुनून पर अपनी चिंता जताई। मीशा अग्रवाल की मौत पर तापसी पन्नू अपने विचार साझा किए, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य पर सोशल मीडिया के प्रभाव पर बात की। उन्होंने लिखा, ‘यह कुछ ऐसा है, जिसे देखकर मुझे बहुत डर लगता था कि बहुत से लोग इसके प्रति जुनूनी हैं। डर है कि एक दिन ऐसा आएगा जब सोशल मीडिया फॉलोअर्स की संख्या जीने की चाहत को दबा देंगी’।
तापसी को लगता है डर
तापसी ने कहा, ‘डर है कि वर्चुअल प्यार की सख्त जरूरत आपको अपने आस-पास के असली प्यार के प्रति अंधा कर देगी। लाइक और कमेंट से मिलने वाली तुरंत संतुष्टि और वैलिडेशन उन चीजों को पीछे छोड़ देगी जो आपको बहुत अधिक मूल्यवान बनाती हैं। यह देखना दिल दहला देने वाला है।’
मीशा की मौत के बारे में
बुधवार को मीशा के परिवार ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए खुलासा किया कि मीशा ने अपने जीवन को प्लेटफॉर्म के इर्द-गिर्द रखा था। उसका एकमात्र लक्ष्य एक मिलियन फॉलोअर्स तक पहुंचना था। उसके फोन के स्क्रीन लॉक पर भी यह टारगेट सेट था।
बयान में मीशा के परिवार ने लिखा, ‘मेरी छोटी बहन ने इंस्टाग्राम और अपने फॉलोअर्स के इर्द-गिर्द अपनी दुनिया बनाई थी, जिसका एकमात्र लक्ष्य 1 मिलियन फॉलोअर्स तक पहुंचना था। जब उसके फॉलोअर्स कम होने लगे, तो वह परेशान हो गई और खुद को बेकार महसूस करने लगी। अप्रैल से वह बहुत उदास थी, अक्सर मुझे गले लगाकर रोती थी, कहती थी, ‘जीजा, अगर मेरे फॉलोअर्स कम हो गए तो मैं क्या करूंगी? मेरा करियर खत्म हो जाएगा।’
परिवार ने जोर देकर कहा कि उन्होंने उसे याद दिलाने की कोशिश की कि इंस्टाग्राम उसके जीवन का बस एक हिस्सा मात्र है। दुख की बात है कि वह इतनी परेशान हो गई कि उसने अपनी जान ले ली, जिससे हमारा परिवार तबाह हो गया। 26 अप्रैल को मीशा के इंस्टाग्राम हैंडल पर उनके निधन की जानकारी साझा की गई। कंटेंट क्रिएटर ने अपने 25वें जन्मदिन से ठीक दो दिन पहले आत्महत्या कर ली थी।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular