भीख मांगकर भारत से लड़ना चाह रहा पाकिस्तान, बाद में सोशल मीडिया हैंडल को हैक बताकर बयान से पलटा

इस्लामाबाद, एजेंसी। पाकिस्तान एक तरफ भारत को गीदड़भभकी दिखा रहा है और दूसरी तरफ उसकी जेब खाली है। यही वजह है कि जरा सी लड़ाई के बाद ही पाकिस्तान की भीख मांगने की नौबत आ गई है। दरअसल पाकिस्तान सरकार के आर्थिक मामलों के विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक ट्वीट किया गया है, जिसमें दुनियाभर के देशों से अपील की गई है कि वे पाकिस्तान को कर्ज दें क्योंकि भारत के साथ लड़ाई में उसे भारी नुकसान हुआ है। हालांकि बाद में जब पाकिस्तान के एक मंत्री से इसे लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने एक्स हैंडल को हैक बताकर अपने बयान से पल्ला झाड़ लिया।
पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति खराब
पाकिस्तान के आर्थिक मामलों के मंत्री ने दावा किया है कि उनका एक्स अकाउंट शुक्रवार को हैक हो गया था। उन्होंने कहा कि यह ट्वीट उनके द्वारा नहीं किया गया है और अकाउंट को बंद करने की कोशिश की जा रही है। पाकिस्तान बेशक कह रहा है कि उसका सोशल मीडिया अकाउंट हैक किया गया है, लेकिन ये भी सच है कि उसकी आर्थिक स्थिति किसी से भी छिपी नहीं है। पाकिस्तान आईएमएफ के साथ कर्ज लेने की बातचीत कर रहा है। ऐसी स्थिति के बावजूद पाकिस्तान अपनी बेशर्मी से बाज नहीं आ रहा है और उसने 7-8 मई की रात भारत के कई शहरों पर ड्रोन्स और मिसाइल हमले किए। हालांकि भारत की सेना सतर्क थी और उसने पाकिस्तान के हमले को नाकाम कर दिया। इसके साथ ही भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के कई शहरों में उसके रडार सिस्टम को तबाह कर दिया। पाकिस्तान द्वारा लगातार सीमा पर भारी गोलीबारी की जा रही है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular