भोपाल की बेटी सोनिया दुबे दीवान बनीं भारत की पहली ‘सर्टिफाइड इमेज मास्टर’

भोपाल। इंडियन स्कूल ऑफ इमेज मैनेजमेंट, मुंबई की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुश्री सोनिया दुबे दीवान को एसोसिएशन ऑफ इमेज कंसल्टेंट्स इंटरनेशनल (AICI) द्वारा फिलीपींस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में ‘सर्टिफाइड इमेज मास्टर’ (CIM) की प्रतिष्ठित उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह इमेज कंसल्टिंग के क्षेत्र में सर्वोच्च वैश्विक मान्यता मानी जाती है।

इस उपाधि को प्राप्त करने की प्रक्रिया अत्यंत कठिन और दीर्घकालिक होती है, जिसमें उत्कृष्टता, नेतृत्व क्षमता, वर्षों का अनुभव और ग्राहकों पर सकारात्मक प्रभाव जैसे कई महत्वपूर्ण मानदंडों को पूरा करना होता है। सोनिया दुबे दीवान यह गौरव हासिल करने वाली न केवल भारत की पहली, बल्कि अब तक की एकमात्र ‘सर्टिफाइड इमेज मास्टर’ हैं। उल्लेखनीय है कि यह उपाधि अब तक विश्व भर में केवल 21 विशेषज्ञों को ही प्राप्त हुई है।

CIM उपाधि एक तरह से इस क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, पेशेवर प्रतिबद्धता और समाज पर सकारात्मक प्रभाव की पहचान है।

भारतीय जन संचार संस्थान (आईआईएमसी) के पूर्व महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी ने सोनिया को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने कहा, “यह न सिर्फ भोपाल या मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। सोनिया की यह उपलब्धि खासतौर पर छोटे शहरों से आने वाली युवा लड़कियों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो इमेज मैनेजमेंट जैसे उभरते क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं।”

प्रो. द्विवेदी ने यह भी कहा कि इमेज मैनेजमेंट के माध्यम से हम व्यक्तित्व को निखारकर एक बेहतर समाज के निर्माण की दिशा में काम कर सकते हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular