मेरठ। शनिवार को मेरठ में कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दुल्हैडा चुंगी पहुंचे और हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। भगवा रंग में सजे कांवड़ मार्ग पर फूलों की बारिश और शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस दौरान कांवड़ियों ने ‘बोल बम’ के जयकारे लगाए।
मुख्यमंत्री करीब 30 मिनट तक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। इस दौरान कांवड़ मार्ग पर बड़ी संख्या में शिवभक्त नजर आए। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
पुष्पवर्षा के बाद हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए सीएम
कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार से शोभित विश्वविद्यालय स्थित हेलीपैड के लिए रवाना हुए। यहां से उनका हेलिकॉप्टर गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ।
कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने पूरे मार्ग पर निगरानी बढ़ा रखी थी। सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शोभित विश्वविद्यालय के हेलीपैड से दुल्हैडा चुंगी तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। पूरे मार्ग में जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था, पुलिस तैनाती और सुरक्षा इंतजामों की लगातार निगरानी की गई।
कार्यक्रम स्थल के आसपास भी सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय रहीं। मुख्यमंत्री की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती।
मंच के सामने ड्रोन उड़ने से मचा हड़कंप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान उस समय पुलिस और सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया, जब मंच के सामने आसमान में एक ड्रोन काफी देर तक उड़ता दिखाई दिया। कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं थी।
ड्रोन नजर आने के बाद सुरक्षा कर्मियों ने उसके संचालक की तलाश शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई और ड्रोन संचालक की पहचान करने का प्रयास किया गया। इसी बीच कार्यक्रम स्थल पर लगे माइक से घोषणा कराई गई कि ड्रोन उड़ाने वाला व्यक्ति तत्काल उसे नीचे उतार दे। घोषणा के कुछ देर बाद ड्रोन को नीचे उतार लिया गया।

