नईदिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के एक मैच में दोनों टीमों के प्लेइंग-11 खिलाड़ी को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड नहीं मिला। बल्कि ये अवॉर्ड उस खिलाड़ी को दिया गया जिसने ना तो फील्डिंग की और ना ही गेंदबाजी की। उस खिलाड़ी ने सिर्फ 11 गेंदों तक बल्लेबाजी करके ये बड़ा अवॉर्ड अपने नाम कर लिया। उस खिलाड़ी का नाम प्रियांश आर्या है।
दरअसल शुक्रवार 3 अप्रैल को पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच एमए चिदंबरम स्टेडियम में मैच खेला गया। जिसमें चेन्नई ने पंजाब के सामने 210 रनों का विशाल टारगेट सेट किया था। उस लक्ष्य को पाने के लिए पंजाब को तेज और धुआंधार शुरुआत की जरूरत थी। जिसको प्रियांश आर्या ने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में 11 गेंद पर 39 रन बनाकर पूरी कर दी। उन्होंने 355 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे।
इस तेज पारी की वजह से पंजाब का स्कोर 4.2 ओवर में 61 रन हो गया। जहां से टीम को 200 से ज्यादा का लक्ष्य चेज करना और आसान हो गया। उसके बाद दूसरे खिलाड़ियों ने भी शानदार बल्लेबाजी करके पंजाब को 18.4 ओवर में 5 विकेट जीत दिला दी।
प्रियांश को इम्पैक्ट पारी की वजह से प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। इसके साथ ही वो ये अवॉर्ड जीतने वाले दूसरे ऐसे खिलाड़ी बन गए, जिन्होंने 11 या उससे कम गेंदों का सामना किया हो। इससे पहले 2023 में ग्लेन फिलिप्स ने भी ऐसा ही कारनामा किया था। जब उन्होंने जयपुर में हैदराबाद की ओर से खेलते हुए राजस्थान के खिलाफ सिर्फ 7 गेंदों में 25 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई और प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी जीता।
पिछली बार के उपविजेता पंजाब किंग्स ने शुक्रवार को पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। पंजाब ने 210 रनों के विशाल लक्ष्य को सिर्फ 18.4 ओवरों में ही आसानी से हासिल कर लिया। इस मैच के बारे में और जानकारी के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं।

