छात्रों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतियोगी छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनके सुझावों के आधार पर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।प्रयागराज में आयोजित ‘छात्रों की बात, युवाओं के साथ’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाने के लिए पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सरकार ने सख्त कानून बनाया है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और भर्ती प्रक्रियाओं को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय एवं जवाबदेह बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग्य और मेहनती अभ्यर्थियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतियोगी छात्रों के सुझावों और अनुभवों को गंभीरता से सुन रही है। छात्रों से प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे, ताकि भर्ती प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी तथा छात्र हितैषी बनाया जा सके।उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ अपनी तैयारी जारी रखने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार रोजगार के अवसर बढ़ाने, पारदर्शी चयन प्रक्रिया लागू करने और प्रतिभा को उचित सम्मान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और उन्होंने भर्ती परीक्षाओं, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया तथा अन्य विषयों से जुड़े अपने सुझाव एवं समस्याएं उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। उप मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने और छात्र हित में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular