लेटेस्ट न्यूज़
5 Feb 2025, Wed

फैटी लिवर से बचने के लिए सबसे जरूरी है ये एक काम, ज्यादातर लोग नहीं देते इसपर ध्यान

लिवर हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। पाचन में मदद करने के साथ रक्त में अधिकांश रासायनों के स्तर को नियंत्रित करने, पित्त नामक उत्पाद को उत्सर्जित करने और अपशिष्ट उत्पादों को फिल्टर करके शरीर से बाहर निकालने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। पेट और आंतों से निकलने वाला सारा रक्त लिवर से ही होकर गुजरता है। इतने महत्वपूर्ण कार्यों को समझने के बाद आप ये जान ही गए होंगे कि इस अंग का स्वस्थ रहना कितना जरूरी है। पर क्या आप लिवर की सेहत का सही से ध्यान रख रहे हैं?
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि दुनियाभर में फैटी लिवर बीमारी के मामले काफी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। आमतौर पर माना जाता रहा है कि जो लोग अधिक शराब पीते हैं उनमें इसका खतरा अधिक होता है पर शराब न पीने वाले भी इसका शिकार हो सकते हैं। लिवर में फैट बढ़ने के कारण कई गंभीर विकारों का खतरा भी हो सकता है, जिसको लेकर सभी लोगों को सावधानी बरतते रहनी चाहिए। आइए जानते हैं कि फैटी लिवर से बचने के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं?
पहले जान लीजिए क्या है फैटी लिवर की समस्या?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं फैटी लिवर, जिसे हेपेटिक स्टीटोसिस के नाम से भी जाना जाता है ये आपकी सेहत को गंभीर रूप से प्रभावित करने वाली हो सकती है। इसमें लिवर में फैट की मात्रा बहुत अधिक बढ़ने लग जाती है। ये स्थिति लिवर के सामान्य कार्यों को बाधित करने वाली हो सकती है। लिवर में फैट की मात्रा अधिक हो जाने के कारण इंफ्लेमेशन का खतरा बढ़ जाता है। गंभीर स्थितियों में इससे लिवर फेल होने और जान जाने तक का भी जोखिम हो सकता है। आइए जानते हैं कि आप इस खतरनाक स्थिति से कैसे बचे रह सकते हैं?
वजन घटाना सबसे जरूरी
अध्ययनों में पाया गया है कि फैटी लिवर की समस्या के लिए वजन का अधिक होना प्रमुख कारण हो सकता है। अध्ययन से पता चला है कि शरीर का वजन 10% तक कम करने से लिवर की चर्बी, सूजन की समस्या और फैटी लिवर के कारण होने वाली अन्य दिक्कतें दूर हो सकती हैं।
जामा इंटरनल मेडिसिन में प्रकाशित एक मेटा-विश्लेषण में शोधकर्ताओं ने 22 अध्ययनों की समीक्षा की। अध्ययन में पाया गया कि जिन लोगों का वजन कम था उन्हें भविष्य में इस बीमारी का खतरा भी कम था। वहीं फैटी लिवर के शिकार जिन लोगों ने अपने वजन को कम किया उनमें इस रोग के कारण होने वाली जटिलताएं भी कम हो गईं।
लिवर की सेहत का रखें ख्याल
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, प्रति सप्ताह कम से कम 150 मिनट की शारीरिक गतिविधि आपके लिए मददागार हो सकती है। नियमित व्यायाम के साथ आहार पर ध्यान देना, हरी सब्जियों-फलों से भरपूर चीजें खाना और वसा वाली चीजों का सेवन कम करना न सिर्फ वजन घटाने में मददगार है साथ ही इससे लिवर की सेहत को भी ठीक रखा जा सकता है।
डॉक्टर कहते हैं, कम उम्र से ही अगर वजन को नियंत्रित रखने पर ध्यान दे दिया जाए तो फैटी लिवर सहित कई प्रकार की अन्य क्रोनिक बीमारियों से भी बचे रह सकते हैं।
फैटी लिवर से बचे रहने के लिए ये उपाय भी जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, फैटी लिवर से बचे रहने के लिए कुछ उपाय मददगार हो सकते हैं।
वजन कम करें। वजन बढ़ना इस रोग का प्रमुख कारण है, इसलिए वेट लॉस के सभी जरूरी उपाय करें।
आहार, दवा या दोनों के माध्यम से ट्राइग्लिसराइड्स को कम करें। ट्राइग्लिसराइड्स भी लिवर की सेहत के लिए ठीक नहीं है।
शराब से बिल्कुल दूरी बना लें।
अगर आपको मधुमेह है, तो इसे कंट्रोल में रखें। शुगर बढ़ना आपके संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है।
संतुलित-स्वस्थ आहार का सेवन करें और अपनी शारीरिक गतिविधि बढ़ाएं।
लिवर की देखभाल के लिए डॉक्टर से नियमित जांच करवाएं और आवश्यक सलाह लेते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *