लेटेस्ट न्यूज़
26 Feb 2026, Thu

ट्रंप ने सैनिकों को किया सम्मानित, वेनेजुएला में मादुरो को पकड़ने वाले पायलट को मिला विशेष सम्मान

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को अपने ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन के दौरान अमेरिकी सेना के उन सदस्यों को सम्मानित किया, जिन्होंने देश और विदेश में अदम्य साहस का परिचय दिया। इस दौरान वॉशिंगटन में गोलीबारी का शिकार हुए नेशनल गार्ड के सदस्यों और वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने वाले मिशन के हीरो को मेडल दिए गए।
मादुरो को पकड़ने वाले पायलट को मिला सम्मान
ट्रंप ने आर्मी चीफ वारंट ऑफिसर 5 एरिक स्लोवर को ‘कांग्रेसनल मेडल ऑफ ऑनर’ से नवाजा। स्लोवर उस लीड चिनूक हेलीकॉप्टर के पायलट थे, जिसने तीन जनवरी को वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के लिए उनके किलेनुमा घर पर रेड की थी। ‘कांग्रेसनल मेडल ऑफ ऑनर’ सम्मान संयुक्त राज्य अमेरिका का सबसे प्रतिष्ठित सैन्य वीरता पुरस्कार है, जो युद्ध के दौरान असाधारण साहस और कर्तव्य की सीमा से परे बलिदान दिखाने वाले सैनिकों को दिया जाता है। यह पदक राष्ट्रपति द्वारा अमेरिकी कांग्रेस की ओर से दिया जाता है।
ट्रंप ने बताया कि लैंडिंग के दौरान दुश्मन की मशीन गनों ने स्लोवर के हेलीकॉप्टर पर गोलियां बरसाईं। इस दौरान स्लोवर के पैर और कूल्हे में चार गोलियां लगीं, जिससे उनका पैर कई जगह से टूट गया। इसके बावजूद, उन्होंने हेलीकॉप्टर पर नियंत्रण बनाए रखा और अपने गनर्स को जवाबी कार्रवाई का मौका दिया। ट्रंप ने कहा, पूरे मिशन की सफलता और साथियों की जान एरिक की दर्द सहने की क्षमता पर टिकी थी। स्लोवर वॉकर के सहारे मेडल लेने पहुंचे।
कोरियाई युद्ध के दिग्गज का भी सम्मान
इसके अलावा, ट्रंप ने 100 वर्षीय रिटायर्ड नेवी पायलट कैप्टन ई. रॉयस विलियम्स को भी ‘मेडल ऑफ ऑनर’ दिया। विलियम्स ने कोरियाई युद्ध के दौरान कई सोवियत जेट मार गिराए थे। ट्रंप ने उन्हें आखिरी जीवित लेजेंड्स में से एक बताया। व्हाइट हाउस ने जानकारी दी है कि मादुरो मिशन में शामिल 10 अन्य सैनिकों को जल्द ही एक निजी समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
नेशनल गार्ड के सदस्य को ‘पर्पल हार्ट’ सम्मान
इसके अलावा ट्रंप ने एयर फोर्स स्टाफ सार्जेंट एंड्रयू वोल्फ को ‘पर्पल हार्ट’ मेडल से सम्मानित किया। वोल्फ पिछले साल 26 नवंबर को वॉशिंगटन में पेट्रोलिंग के दौरान सिर में गोली लगने से बाल-बाल बचे थे। ट्रंप ने कहा, ‘भगवान की मदद से, एंड्रयू मौत के मुंह से वापस आए हैं और चमत्कारिक रूप से ठीक हो रहे हैं।’ वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के जनरल जेम्स सीवार्ड ने वोल्फ के सूट पर मेडल लगाया। इस हमले में वोल्फ की साथी, यूएस आर्मी स्पेशलिस्ट सारा बेकस्ट्रॉम की थैंक्सगिविंग डे पर मौत हो गई थी। ट्रंप ने गैलरी में मौजूद सारा के माता-पिता, इवेलिया और गैरी बेकस्ट्रॉम से कहा, ‘आपकी बेटी एक सच्ची देशभक्त थी।’
बाइडेन की नीतियों पर निशाना
ट्रंप ने बताया कि हमलावर रहमानुल्लाह लकनवाल (29) एक अफगान नागरिक है, जो 2021 में बाइडेन प्रशासन के ‘ऑपरेशन एलाइज वेलकम’ के तहत अमेरिका आया था। ट्रंप ने कहा कि इस बंदूकधारी को हमारे देश में नहीं होना चाहिए था। लकनवाल फिलहाल हिरासत में है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।