एक भी तस्वीर दिखाइए, जो भारत को हुआ नुकसान दिखाती हो… ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर बोले NSA अजित डोभाल

नई दिल्ली। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल चेन्नई में आईआईटी मद्रास के 62वें कॉन्वोकेशन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भी बात की। अजीत डोभाल ने इस दौरान ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी भी बताई। उन्होंने कहा, एक भी तस्वीर दिखाइए, जो भारत के नुकसान को दिखाती हो।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बात करते हुए कहा, हमने पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों पर हमला करने का फैसला किया है। हमें अपने ऑपरेशन सिंदूर पर गर्व है। हमने अपने तय 9 लक्ष्यों के अलावा कहीं और हमला नहीं किया। हमले सटीक थे। उन्होंने आगे कहा, चाहे वो हमारा ब्रह्मोस हो या रडार, सभी स्वदेशी थे”।
विदेशी मीडिया पर साधा निशाना
इसी के साथ कॉन्वोकेशन में विदेशी मीडिया की ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई रिपोर्टिंग के लिए अजीत डोभाल ने निशाना साधा। उन्होंने कहा, विदेशी मीडिया ने कहा कि पाकिस्तान ने ऐसा किया और ऐसा किया। आप मुझे एक भी फोटो दिखाइए जिसमें किसी भी भारतीय इमारत को कोई नुकसान दिखाया गया हो, एक भी तस्वीर दिखाइए, जो भारत के नुकसान को दिखाती हो। यहां तक ​​कि एक कांच का शीशा भी तोड़ा गया हो। विदेशी मीडिया ने बातें लिखीं और चीजें सामने रखीं।“हमारे पूर्वजों ने बहुत कुछ सहा” अजीत डोभाल ने कहा, हमें अपनी स्वदेशी तकनीक विकसित करनी होगी। पूरे ऑपरेशन में 23 मिनट लगे। उन्होंने आगे कहा, आप एक ऐसे देश, एक ऐसी सभ्यता से संबंध रखते हैं, जो हजारों वर्षों से संकटग्रस्त और अपमानित रही है। हमारे पूर्वजों ने बहुत कुछ सहा है। मुझे नहीं पता कि इस सभ्यता को जीवित रखने के लिए, राष्ट्र की इस धारणा को जीवित रखने के लिए उन्होंने कितने अपमान, अभाव और कष्ट सहे हैं। राष्ट्र, राज्य से अलग होता है। भारत, एक राष्ट्र है। अब से 22 साल बाद हम अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करने जा रहे हैं। उस समय आप अपने करियर की ऊंचाई पर होंगे।
ऑपरेशन सिंदूर में भारत को मिली सफलता
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले दिनों तनाव बढ़ गया था। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को अटैक हुआ था। इस हमले में आतंकवादियों ने निहत्थे लोगों पर गोलियां बरसाई। इसी के बाद भारत ने पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया। इस ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान के 9 आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया। उन्हें तबाह किया गया। इसी के बाद पाकिस्तान ने भी भारत पर हमला करने की नाकाम कोशिश की। दोनों देशों के बीच 10 मई को सीजफायर हुआ।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular