आवारा कुत्तों से शहर परेशान, बच्चे चुका रहे कीमत… रिपोर्ट पर सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान

नई दिल्ली, एजेंसी। आवारा कुत्तों का आतंक शहर से लेकर गांव-देहात तक फैला हुआ है। जिसकी वजह से बच्चें हो या बुजुर्ग सभी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब आवारा कुत्तों के हमलों के अलावा रेबीज से होने वाली मौतों की घटनाओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए चिंता जताई है। आवारा कुत्तों की ओर से छोटे बच्चों को लगातार निशाना बनाने के मामले सामने आ रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में एक समाचार रिपोर्ट पर स्वत: संज्ञान लिया है, जिसमें बताया गया है कि देश के कई हिस्सों में आवारा कुत्तों के हमले और रेबीज की बिमारी से छोटे बच्चों की जान जा रही है। रिपोर्ट में यह चिंता जताई गई है कि ये घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, और सार्वजनिक स्वास्थ्य तथा सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही हैं। जस्टिस जेबी पारदीवाला ने कहा कि यह अत्यंत चिंताजनक है कि हाल की समाचार रिपोर्टों में बताया गया है कि शहर आवारा कुत्तों की समस्या से जूझ रहा है, और सबसे बुरा ये है कि इसका सबसे बड़ा खामियाजा मासूम बच्चे भुगत रहे हैं। इस स्थिति के तथ्य न केवल परेशान करने वाले हैं, बल्कि तुरंत कार्रवाई की मांग भी करते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को CJI की बेंच को भेज दिया है। हाल ही में शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों से आवारा कुत्तों के हमलों की कई चिंताजनक घटनाएं सामने आई हैं। इन हमलों के चलते रेबीज जैसी जानलेवा बिमारी के मामले बढ़ते जा रहे हैं, जिनका शिकार विशेष रूप से छोटे बच्चे और बुज़ुर्ग हो रहे हैं। हालात पहले से गंभीर होते जा रहे हैं, जिससे लोगों के अंदर डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। शहरों में बढ़ती हुई भीड़ की वजह से जगह की कमी और शोर इन्हें हिंसक बना रहे हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular