पाकिस्तान अमेरिका पर हमला नहीं करता, भारत को बनाता है निशाना, शशि थरूर ने जताई चिंता

नई दिल्ली, एजेंसी। अमेरिका और पाकिस्तान की बढ़ती नजदीकियों पर कांग्रेस सांसद और पूर्व विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर ने चिंता जाहिर की है, उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि भारत इस स्थिति से हिल गया है, क्योंकि पाकिस्तान लंबे समय से अमेरिका का सहयोगी रहा है और यह रिश्ते भारत से अलग होकर चलते रहे हैं। शशि थरूर के अनुसार, पाकिस्तान द्वारा पाले गए आतंकी समूह अमेरिका पर हमला नहीं करते, बल्कि वो भारत को निशाना बनाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि आतंकी ग्रुप अमेरिका को निशाना नहीं बना रहे हैं और जो लोग अमेरिका पर हमले कर रहे हैं, जैसे कि आईएसआईएस और दाएश, ये दरअसल पाकिस्तानी प्रतिष्ठान और उसकी सेना पर भी हमले करती रही हैं। अमेरिका और पाकिस्तान के बीच रिश्ते भारत से अलग और स्वतंत्र हैं, लेकिन मौजूदा हालातों को देखते हुए, भारत की नजर से यह सब बहुत चिंताजनक लगता है।
पाकिस्तान-अमेरिका की पुरानी दोस्ती- शशि थरूर
शशि थरूर ने याद दिलाया कि पाकिस्तान और अमेरिका का रिश्ता दशकों पुराना है। अमेरिका की मदद से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई खड़ी हुई थी और कई पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों ने अमेरिका के अंदर ट्रेनिंग ली हुई है, पाकिस्तानी खुफिया एजेंट अमेरिकियों के साथ काम कर चुके हैं, उन्होंने कहा कि यह गहरे और लंबे रिश्ते हैं, जिन्हें भारत अक्सर भूल जाता है। भारत और अमेरिका के बीच बीते 30 सालों में गर्मजोशी बढ़ी है, लेकिन पुराने इतिहास की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
ऑपरेशन सिंदूर और भारत की चिंता
शशि थरूर ने 11 सितंबर 2001 में अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए हमले को लेकर कहा कि उस समय अमेरिका पाकिस्तान पर हमलावर था, जिसके बाद 2 मई 2011 को अमेरिका ने ओसामा बेन लादेन को पाकिस्तान के अबोटाबाद में मार गिराया था। शशि थरूर हाल ही में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ अमेरिका गए थे। यह यात्रा जम्मू-कश्मीर की पहलगाम में हुई आतंकी घटना और ऑपरेशन सिंदूर के बाद हुई।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular