प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के भाजपा सांसदों को दी सलाह, बोले- एसआईआर पारदर्शी होना चाहिए

नईदिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगले साल पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बुधवार को राज्य के भाजपा सांसदों से संसद में मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों को सलाह दी है कि वे विधानसभा चुनावों से पहले यह सुनिश्चित करें कि राज्य में चल रहा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान सरल और पारदर्शी बना रहे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि एसआईआर को ज्यादा जटिल नहीं बनाया जाना चाहिए।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना है कि योग्य मतदाताओं को शामिल किया जाए और जो योग्य नहीं हैं उन्हें हटाया जाए और यह संदेश ज़मीनी स्तर तक पहुंचना चाहिए। संसद में सांसद प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए उन्होंने पार्टी की ताकत का लाभ उठाने और वर्षों से बनी गति को बनाए रखने को कहा। उन्होंने 2026 के विधानसभा चुनावों की तैयारी में पार्टी को केंद्रित रखने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल में किसी तरह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लगातार चौथी बार सरकार बनाने से रोकने के लिए रणनीति पर चर्चा भी की। उन्होंने सांसदों को याद दिलाया कि 2011 में बंगाल में केवल 3 विधायक थे, और 2016 तक काफी बढ़ गए हैं। उन्होंने पार्टी की मजबूती पर ध्यान केंद्रित करने, आत्मविश्वास बनाए रखने का मंत्र दिया। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब को बंगाल चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular