लेटेस्ट न्यूज़
15 Nov 2025, Sat

बोत्सवाना ने राष्ट्रपति मुर्मू को सौंपे आठ चीते, क्वारंटीन के बाद लाए जाएंगे भारत

गाबोरोने, एजेंसी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को अंगोला और बोत्सवाना का अपना छह दिवसीय राजकीय दौरा खत्म कर दिल्ली के लिए रवाना हुईं। इससे पहले प्रोजेक्ट चीता के अगले चरण के लिए अफ्रीकी देश बोत्सवाना ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को आठ चीते प्रतीकात्मक रूप से सौंपे। क्वारंटीन के बाद सभी आठ चीते भारत लाए जाएंगे।
राष्ट्रपति मुर्मू ने महत्वपूर्ण समझौतों और चर्चाओं के माध्यम से ऊर्जा, व्यापार और निवेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को गहरा करने की भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया।
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद राष्ट्रपति मुर्मू विदा
बोत्सवाना की राजधानी गाबोरोने में राष्ट्रपति डूमा गिदोन बोको ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के बाद विदा किया। राष्ट्रपति मुर्मू की आठ से 13 नवंबर तक हुई यह यात्रा किसी भारतीय राष्ट्रपति द्वारा इन दोनों अफ्रीकी देशों का पहला दौरा था। भारतीय विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक संबंध) सुधाकर दलेला ने राष्ट्रपति के प्रस्थान-पूर्व एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि यह दौरा पूरे अफ्रीकी महाद्वीप के साथ जुड़ाव को भारत सरकार द्वारा दी जाने वाली उच्च प्राथमिकता को दर्शाता है।
आर्थिक, विकास और प्रौद्योगिकी में सहयोग
उन्होंने बताया कि बोत्सवाना में भारत ने आर्थिक, विकास और प्रौद्योगिकी में सहयोग मजबूत करने की इच्छा व्यक्त की। दलेला ने कहा कि हीरा उत्पादन में बोत्सवाना को भारत क्षमता निर्माण सहयोग देगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने भारत में विलुप्त हो चुके चीतों के एक स्थानांतरण समझौते के तहत आठ बोत्सवाना चीतों की प्रतीकात्मक सुपुर्दगी ली।
लुआंडा में राष्ट्रपति लौरेंको से मुलाकात
दलेला ने बताया कि दोनों देशों ने सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए। अपनी यात्रा के पहले चरण में मुर्मू ने अंगोला की राजधानी लुआंडा में राष्ट्रपति जोआओ मैनुअल गोनकाल्विस लौरेंको से मुलाकात की। लौरेंको ने नवीकरणीय ऊर्जा और जैव ईंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी की तत्परता व्यक्त की।
पेट्रोलियम शोधन में निवेश करने की इच्छा
राष्ट्रपति मुर्मू ने दीर्घकालिक ऊर्जा खरीद अनुबंध और पेट्रोलियम शोधन में निवेश करने की भारतीय कंपनियों की इच्छा व्यक्त की। अंगोला ने भारत के नेतृत्व वाले अंतरराष्ट्रीय बिग कैट एलायंस (आईबीसीए) और ग्लोबल बायोफ्यूल एलायंस (जीबीए) में शामिल होने पर भी सहमति व्यक्त की।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।