लेटेस्ट न्यूज़
12 Jul 2025, Sat

सबसे समान देशों की रिपोर्ट पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, बताया ‘धोखाधड़ी’ और ‘बौद्धिक बेईमानी’

नई दिल्ली, एजेंसी। एक रिपोर्ट में भारत को चौथा सबसे समान देश बताए जाने पर कांग्रेस पार्टी ने सवाल उठाए हैं और इसे सरकार की धोखाधड़ी और बौद्धिक बेईमानी करार दिया है। कांग्रेस ने कहा कि मोदी सरकार आंकड़ों की हेराफेरी करके देश में बढ़ती असमानता की वास्तविकता को नहीं टाल सकती। दरअसल विश्व बैंक ने एक रिपोर्ट जारी की है, जिसमें बताया गया है कि भारत में साल 2011-12 से लेकर 2022-23 के बीच तेजी से असमानता घटी है। रिपोर्ट में भारत को दुनिया में चौथा सबसे समान देश बताया गया है।
कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि ‘आप क्रोनोलॉजी समझिए। विश्व बैंक ने गरीबी और समानता पर अप्रैल 2025 में रिपोर्ट जारी की। इसके तुरंत बाद कांग्रेस ने बयान जारी किया जिसमें विश्व बैंक द्वारा भारत में गरीबी और असमानता के लिए बताए गए कई चेतावनी संकेतों की पहचान की गई। जिसमें सरकारी आंकड़ों में असमानता को कम करके आंकने की चेतावनी भी शामिल थी। इस रिपोर्ट के तीन महीने बाद 5 जुलाई को मोदी सरकार और उनके समर्थकों ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की, जिसमें दावा किया गया कि भारत दुनिया के सबसे समान समाज वाले देशों में चौथे नंबर पर है।’ कांग्रेस का कहना है कि सरकार का डेटा सीमित उपलब्धता और अनिश्चित गुणवत्ता वाला डेटा है। जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि सरकार ने विश्व बैंक की रिपोर्ट के विश्लेषण में लापरवाही बरती और यह पूरी तरह से बौद्धिक बेईमानी है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।