नई दिल्ली। बिहार में हाल में हुई हत्या की घटनाओं को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को सत्तारूढ़ जनता दल (यूनाइटेड) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधा। AICC अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा, इन दोनों दलों के ‘ठगबंधन’ ने प्रदेश को देश की ‘क्राइम कैपिटल’ बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। हाल ही में पटना में कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या के साथ ही बिहार के कुछ अन्य जिलों में भी अपराध की कई घटनाएं हुई हैं।
मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘बिहार में अवसरवादी डबल इंजन सरकार ने कानून व्यवस्था तबाह कर दी है। पिछले छह माह में आठ कारोबारियों की हत्या, पांच बार पुलिस की पिटाई हुई है। सोमवार को ही अंधविश्वास के चलते एक ही परिवार के पांच लोगों को मारा गया। मासूम बच्चों तक को नहीं बख्शा गया।’
खरगे का दावा बिहार में गरीबी चरम पर
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जदयू और बीजेपी ठगबंधन ने बिहार को देश की ‘क्राइम कैपिटल’ बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। खरगे ने दावा किया कि ‘मोदी सरकार खुद के आंकड़ें बताती है कि बिहार में गरीबी चरम पर है, सामाजिक और आर्थिक न्याय की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है और कानून व्यवस्था ठप होने की वजह से निवेश केवल कागजों तक ही सीमित रह गया है। उन्होंने कहा, ‘इस बार बिहार ने तय कर लिया है कि अब वह बीमार नहीं रहेगा। बिहार में बदलाव तय है। ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) गठबंधन इस बदलाव को लाकर रहेगा।’
साल के अंत तक होने हैं विधानसभा चुनाव
बता दें इस वर्ष के अंत तक बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं। वर्तमान सरकार यानी नीतीश कुमार का बतौर मुख्यमंत्री कार्यकाल 22 नवंबर 2025 तक है। इसलिए अनुमान लगाया जा रहा है कि चुनाव आयोग नवंबर या दिसंबर से पहले ही चुनाव संपन्न करा सकता है।