लेटेस्ट न्यूज़
23 Jun 2025, Mon

हर सिरदर्द एक जैसा नहीं! अलग-अलग सिरदर्द के होते हैं अलग मायने

सिरदर्द एक बेहद आम समस्या है, जिससे लगभग हर कोई कभी न कभी जूझता है। हर सिरदर्द अपने आप में अलग होता है। उसके कारण, लक्षण और गंभीरता अलग-अलग हो सकते हैं, और वे विभिन्न स्वास्थ्य स्थितियों को दर्शाते हैं।
यह समझना जरूरी है कि सभी सिरदर्द एक जैसे नहीं होते। कुछ मामूली होते हैं जो खुद-ब-खुद ठीक हो जाते हैं, जबकि कुछ अन्य गंभीर समस्याओं जैसे माइग्रेन, तनाव या साइनस से जुड़े हो सकते हैं। कई बार तो ये किसी अंदरूनी बीमारी का शुरुआती संकेत भी होते हैं। इसलिए, अगर आपको बार-बार सिरदर्द होता है या उसके साथ अन्य लक्षण जैसे चक्कर आना, उल्टी या नजर में बदलाव महसूस होता है, तो इसे नजरअंदाज न करें, तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। बता दें कि सिरदर्द कई प्रकार का होता है। आइए इस लेख में सिरदर्द के चार प्रमुख प्रकार के बारे में जानते हैं।
थकान के कारण सिरदर्द

  1. टेंशन सिरदर्द
    टेंशन सिरदर्द सबसे आम प्रकार है, जो तनाव, थकान, या गलत मुद्रा में देर तक बैठे रहने के कारण होता है। यह सिर के दोनों तरफ या माथे पर हल्का से मध्यम दर्द पैदा करता है, जैसे कोई टाइट बैंड सिर को जकड़ रहा हो। यह तनाव, नींद की कमी, और डिहाइड्रेशन से ट्रिगर हो सकता है। ऐसी स्थिति में गहरी सांस लें, किसी शांत और खुले वातावरण में आराम करें, या पेपरमिंट तेल की मालिश करें। इन उपायों से सिरदर्द में आराम मिल सकता है।
  2. हाइपरटेंशन सिरदर्द
    हाई ब्लड प्रेशर के कारण होने वाला सिरदर्द अक्सर सिर के पीछे या पूरे सिर में कंपन जैसा दर्द पैदा करता है। यह सुबह के समय अधिक गंभीर हो सकता है और लेटने से कम हो जाता है। अनियंत्रित उच्च रक्तचाप नाजुक रक्त वाहिकाओं पर दबाव डालता है, जिससे यह दर्द होता है। अगर इसके साथ चक्कर, धुंधला दिखना या सीने में दर्द हो, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। इससे आराम पाने के लिए अपने ब्लड प्रेशर को सामान्य रखने के उपायों पर काम करें।
  3. माइग्रेन
    माइग्रेन एक न्यूरोलॉजिकल स्थिति है, जिसमें सिर के एक तरफ तेज धड़कता हुआ दर्द होता है। यह 4 से 72 घंटे तक रह सकता है और मतली, उल्टी जैसे लक्षणों के साथ होता है। माइग्रेन को तनाव, हार्मोनल बदलाव, कुछ खाद्य पदार्थ या नींद की कमी ट्रिगर कर सकती है। गंभीर मामलों में डॉक्टर से जरूर सलाह लें।
  4. साइनस सिरदर्द
    साइनस सिरदर्द साइनसाइटिस या मौसमी एलर्जी के कारण होता है, जब नाक के आसपास की गुहाएं सूज जाती हैं। यह माथे, आंखों और गालों के आसपास दबाव या दर्द का कारण बनता है। साइनस सिरदर्द आम तौर पर सुबह के समय होता है। इसके साथ नाक बंद होना, बुखार या चेहरे में सूजन जैसे लक्षण हो सकते हैं। गंभीर साइनस सिरदर्द में डॉक्टर एंटीबायोटिक्स की सलाह दे सकते हैं।

By Prabhat Pandey

प्रभात पांडेय आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार और दिशा एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक हैं। निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने वाले प्रभात पांडेय प्रेरणा और सकारात्मकता के प्रतीक हैं।