क्रॉस वोटिंग को लेकर शिवसेना यूबीटी ने भाजपा पर साधा निशाना, धन-बल के उपयोग का लगाया आरोप

मुंबई, एजेंसी। बिहार में राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग पर राजनीति थम नहीं रही है। विपक्ष लगातार भाजपा पर विधायकों को तोड़ने का आरोप लगा रहा है। मामले में अब शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने मीडिया वार्ता में कहा कि भाजपा पैसे के दम पर चुनाव जीतना चाहती है।
संजय राउत ने कहा कि भाजपा ने पैसे और सत्ता का इस्तेमाल करके हरियाणा, बिहार और ओडिशा में क्रॉस-वोटिंग करवाई है। उन्होंने ओडिशा का जिक्र करते हुए कहा कि वहां एक ऐसे व्यक्ति को चुनवाया गया जिस पर कोयला घोटाले का आरोप है। उस व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज है और अदालत ने उसे तीन साल की जेल की सजा सुनाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए यह कोई नई बात नहीं है। खुद को नीतिवान बताने वाली भाजपा को शर्म आनी चाहिए। वे पैसे देकर देश के सबसे बड़े सदन में खेल करते हैं और विधायकों को खरीद लेते हैं। राउत ने कहा कि भाजपा को इसमें मजा आ रहा है, लेकिन देश के लोगों को इसकी सजा मिल रही है। विपक्ष एकजुट है, फिर भी सत्ता के बल पर विधायक खरीदे जा रहे हैं। ओडिशा, बिहार और हरियाणा में देश ने फिर से यही देखा है, जो बहुत गलत है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। लोग परेशान हैं क्योंकि उनकी समस्याएं कोई नहीं सुन रहा। भाजपा नेता केवल अपनी जेब भर रहे हैं और जनता पर बोझ बढ़ रहा है। देश में महंगाई बहुत बढ़ गई है, फिर भी सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। भाजपा अपने वादे भूल गई है, लेकिन जनता ने अब मन बना लिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महिला आरक्षण पर किरेन रिजिजू को पत्र लिखा है। इस पर संजय राउत ने कहा कि यह अच्छी बात है और इसका स्वागत होना चाहिए। इसमें शंका की कोई बात नहीं है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular