वाशिंगटन के होटल हिल्टन में गोलीबारी, राष्ट्रपति ट्रंप और उपराष्ट्रपति वेंस मौजूद थे

वॉशिंगटन, एजेंसी। वाशिंगटन के होटल हिल्टन में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी की घटना हुई है। इस दौरान होटल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत तमाम बड़े अधिकारी मौजूद थे। सुरक्षाबलों ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बाद में ट्रंप ने बताया कि एक संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वाशिंगटन के होटल हिल्टन में शनिवार रात एनुअल कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर का आयोजन किया गया था। होटल के बॉलरूम में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति समेत तमाम बड़े लोग मौजूद थे। तभी बॉलरूम के बाहर 7 राउंड गोलीबारी होने से अफरा-तफरी मच गई। लोग टेबल के नीचे छिप गए। राष्ट्रपति ट्रंप को सुरक्षाबलों ने घेर लिया। भागादौड़ी में वे भी गिर गए। पहले खबर आई थी कि हमलावर को मार गिराया गया, लेकिन बाद में संदिग्ध की गिरफ्तारी की सूचना आई।
ट्रंप ने कहा कि हमलावर को पकड़े जाने से पहले, उसने कई हथियारों से लैस होकर एक सुरक्षा चौकी पर धावा बोल दिया था। उन्होंने कहा, यह बहुत ही अप्रत्याशित था, लेकिन सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने अविश्वसनीय रूप से तेजी से कार्रवाई की। एक वीडियो में उस गुंडे की हिंसा दिखाई गई है जिसने हमारे संविधान पर हमला किया। यह भी दिखाया गया है कि सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने कितनी तेजी से कार्रवाई की।
ट्रंप ने बताया कि इस घटना के दौरान एक कानून प्रवर्तन अधिकारी को गाली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने की वजह से उनकी जान बच गई। राष्ट्रपति ने कहा, एक अधिकारी को गोली लगी थी, लेकिन वह इसलिए बच गए क्योंकि उन्होंने बहुत अच्छी बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी थी। उन्हें करीब से एक बहुत ही शक्तिशाली बंदूक से गोली मारी गई थी, और जैकेट ने अपना काम कर दिखाया। उनकी हालत अब अच्छी है। वह पूरी तरह से ठीक हैं।
13 जुलाई, 2024 को पेंसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान ट्रंप पर जानलेवा हमला हुआ था। बटलर शहर में एक रैली को संबोधित करते समय हमलावर ने उन पर गोलियां चलाई थीं, जिसमें से एक ट्रंप के दाहिने कान को छूती हुई निकल गई थी। इसके बाद तुरंत ट्रंप को चारों तरफ से घेर लिया था। हमलावर भी मौके पर ही मारा गया था। वहीं, घटना में रैली में शामिल एक व्यक्ति की मौत हो गई।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular