लेटेस्ट न्यूज़
2 Mar 2026, Mon

‘पश्चिमी एशिया के हालत चिंताजनक’, बातचीत से निकले समाधान; भारतीयों के लिए कही ये बात: पीएम मोदी

नई दिल्ली। पश्चिमी एशिया में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हालात को चिंताजनक बताते हुए शांति और संवाद का रास्ता अपनाने की अपील की है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि मौजूदा संकट का समाधान केवल बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों से ही संभव है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत हमेशा से शांति, स्थिरता और संवाद का समर्थक रहा है। उन्होंने दोहराया कि किसी भी तरह के सैन्य टकराव से क्षेत्रीय अस्थिरता बढ़ती है, जिसका असर वैश्विक स्तर पर भी पड़ सकता है। ऐसे में सभी पक्षों को संयम बरतते हुए बातचीत की मेज पर लौटना चाहिए। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा भारत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर हर संभव कदम उठाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत सभी संबंधित देशों के साथ संपर्क में है और शांति बहाली के लिए रचनात्मक भूमिका निभाने को तैयार है।
यूरेनियम और परमाणु सहयोग पर भी बोले पीएम मोदी
कनाडाई प्रधानमंत्री कार्नी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद पीएम मोदी ने बताया कि भारत और कनाडा ने यूरेनियम पर एक ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके अलावा, नागरिक परमाणु सहयोग को आगे बढ़ाते हुए दोनों देश छोटे मॉड्यूलर रिएक्टरों पर एक साथ मिलकर काम करेंगे।
चिंतित परिवारों को दिया आश्वासन
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि जब भी कन्नड़िगा और अन्य भारतीय दुनिया में कहीं भी संकट में होते हैं, केंद्र सरकार उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करती है। इससे पहले हमने यूक्रेन में फंसे नागरिकों को भी लाया। जहां भी भारतीय हैं, उनकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने चिंतित परिवारों को आश्वासन देते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है और सरकार सभी भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

भारत-कनाडा अच्छे दोस्त, मार्क कार्नी से मुलाकात के बाद बोले पीएम मोदी, पश्चिम एशिया के हालात पर कही बड़ी बात
नई दिल्ली: कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी भारत दौरे पर हैं। सोमवार को उनकी मुलाकात दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई। राष्ट्रीय राजधानी के हैदराबाद हाउस में दोनों नेता मिले। इस दौरान दोनों नेताओं ने हाथ मिलाते हुए फोटो खिंचवाई और फिर उनके बीच द्विपक्षीय मीटिंग भी हुई। प्रधानमंत्री मोदी और उनके कनाडाई समकक्ष मार्क कार्नी के बीच व्यापार, ऊर्जा और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अहम समझौते हुए। इस दौरान पीएम मोदी ने कनाडा को भारत का अच्छा दोस्त बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंधों में सकारात्मकता आई है, इसका श्रेय पीएम कार्नी को जाता है। कनाडा के पीएम कार्नी ने कहा कि भारत पिछले एक दशक में सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली इकोनमी बना है।
पीएम मोदी और कार्नी के बीच दिल्ली में अहम बैठक हुई। इस दौरान क्रिटिकल मिनरल्स, रिन्यूएबल एनर्जी और संस्कृति पर करार हुए। CEPA पर टर्म ऑफ रेफरेंस को लेकर अहम फैसला हुआ। पीएम मोदी ने कहा कि कनाडा-भारत के संबंधों में सकारात्मकता आई है, इसका श्रेय पीएम कार्नी को जाता है। 2030 तक व्यापार 50 बिलियन तक करने का लक्ष्य है। हमने इंडिया कनाडा डिफेंस डेवलपमेंट डायलॉग करने का फैसला लिया है। हम कनाडा की यूनिवर्सिटीज के भारत में कैंपस खोलने पर राजी हुए हैं।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।