राकेश मारिया ने सुनाया 1993 ब्लास्ट से जुड़ी पूछताछ का किस्सा, बोले- ‘संजय दत्त को थप्पड़ मारा और बाल पकड़कर…’

साल 1993 में संजय दत्त को गैर-कानूनी हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसी साल मुंबई ब्लास्ट भी हुए। इस ब्लास्ट की जांच की जिम्मेदारी आईपीएस ऑफिसर राकेश मारिया पर थी। इस केस की जांच के दौरान संजय दत्त से भी उन्होंने पूछताछ की थी। उस पूछताछ में संजय दत्त ने क्या कहा था? हाल ही में इन बातों के बारे में राकेश मारिया ने एक इंटरव्यू में विस्तार से बताया।
राकेश मारिया ने बहुत सख्ती से की थी पूछताछ
देसी स्टूडियोज से हाल ही में राकेश मारिया ने लंबी बातचीत की। इस बातचीत में संजय दत्त और 1993 मुंबई ब्लास्ट का जिक्र भी हुआ। राकेश मारिया ने बताया कि संजय दत्त मॉरिशस से फिल्म की शूटिंग कर वापस आए तो वह उन्हें सीधा एयरपोर्ट से मुंबई क्राइम ब्रांच में लेकर गए। वहां पर संजय दत्त से पूछताछ की। राकेश कहते हैं, ‘संजय दत्त ने पहले कहा कि उसने कोई गुनाह नहीं किया है। मैं उसके पास गया, उस समय उसके बाल लंबे थे। मैंने उसे एक थप्पड़ मारा और वह पीछे गिर गया। फिर मैंने उसके बाल पकड़कर उसे ऊपर खींचा । मैंने उससे कहा कि क्या वह मुझसे एक जेंटलमैन की तरह बात करेगा। फिर उसने मुझे पूरी बात बताई। साथ ही यह बात सुनील दत्त को ना बताने को कहा। तब मैंने उससे कहा कि तुम्हारे पापा को कैसे ना बताऊं?’
पिता के सामने संजय दत्त ने मानी गलती
राकेश मारियर इंटरव्यू में आगे बताते हैं, ‘संजय दत्त को कमरे में लाया जाता है, वह अपने पापा (सुनील दत्त) को देखता है। वह एक बच्चे की तरह चिल्लाता है। जाकर सुनील दत्त के पैरों में गिर जाता है और उनसे कहता है ‘पापा गलती हो गई।’ राकेश मारिया ने बताया कि संजय दत्त ने जब अपनी गलती मानी थी तो सुनील दत्त का चेहरा पीला पड़ गया। बताते चलें कि गैर-कानूनी हथियार रखने के मामले में संजय दत्त को जेल भी हुई। साल 2016 में वह अपनी सजा काटकर जेल से बाहर आए। इसके बाद फिल्मों में सक्रिय हो गए।
संजय दत्त का करियर फ्रंट
हाल ही में संजय दत्त को फिल्म ‘धुरंधर’ में एक दमदार किरदार निभाते हुए देखा जा सकता है। इन दिनों वह हिंदी के अलावा साउथ की फिल्मों में विलेन के रोल भी कर रहे हैं। अगले साल वह साउथ की एक फिल्म ‘केडी-द डेविल’ में नजर आएंगे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular