बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के घर में चोरी, पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार; सीसीटीवी ने खोला राज

मुंबई । उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद और प्रसिद्ध अभिनेता मनोज तिवारी के मुंबई स्थित आवास पर चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुंबई की अंबोली पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश करते हुए तिवारी के ही एक पूर्व कर्मचारी सुरेंद्र कुमार दीनानाथ शर्मा को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने घर और अलमारी की डुप्लीकेट चाबियों का इस्तेमाल कर बड़ी सफाई से लाखों रुपये पर हाथ साफ किया था।
अंधेरी वेस्ट के सुंदरबन अपार्टमेंट की घटना
यह वारदात मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके के शास्त्री नगर स्थित सुंदरबन अपार्टमेंट में हुई। मनोज तिवारी के मैनेजर प्रमोद जोगेंद्र पांडे, जो पिछले 20 वर्षों से उनके साथ रह रहे हैं, ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सुरेंद्र को करीब दो साल पहले ही काम से निकाल दिया गया था, लेकिन उसके पास फ्लैट की डुप्लीकेट चाबियां मौजूद थीं।
दो किस्तों में की चोरी, गुप्त कैमरों ने पकड़ी चोरी
चोरी की यह घटना दो अलग-अलग समय पर अंजाम दी गई। सबसे पहले जून 2025 में घर की अलमारी से 4.40 लाख रुपये गायब हुए थे। उस समय बिना ताला टूटे पैसे गायब होने की वजह से चोर का पता नहीं चल सका था। मैनेजर को शक हुआ तो उन्होंने दिसंबर 2025 में घर के अंदर खुफिया सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए। इसके बाद 15 जनवरी 2026 की रात को जब दोबारा 1 लाख रुपये चोरी हुए, तो सीसीटीवी फुटेज चेक की गई।
आराम से घर में घुसा और पैसे निकालकर चलता बना
15 जनवरी की रात करीब 9 बजे के सीसीटीवी फुटेज ने सारे राज खोल दिए। फुटेज में साफ दिखा कि पूर्व कर्मचारी सुरेंद्र शर्मा अपने पास मौजूद डुप्लीकेट चाबियों से मेन गेट और बेडरूम का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुआ। उसने बड़े आराम से अलमारी खोली और पैसे निकालकर रफूचक्कर हो गया। फुटेज के आधार पर पहचान होते ही पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस अब चोरी की गई रकम बरामद करने में जुटी है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular