लेटेस्ट न्यूज़
17 Mar 2026, Tue

पश्चिम बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा, पार्टी ऑफिस में क्यों काटा बवाल?

कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद भारतीय जनता पार्टी ने विभिन्न विस क्षेत्रों से अपने प्रत्याशियों का ऐलान किया है। इसी बीच अलीपुरद्वार सीट से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बीजेपी कार्याकर्ताओं ने अलीपुरद्वार से घोषित उम्मीदवार का विरोध शुरू कर दिया है। कार्याकर्ताओं ने सोमवार को उम्मीदवार के विरोध में पार्टी कार्यालय में जमकर बवाल काटा। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने अलीपुरद्वार सीट से परितोष दास को उम्मीदवार घोषित किया है। बताया जा रहा है कि पार्टी कार्यकर्ताओं में इसे लेकर गुस्सा है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जो बीजेपी के लिए लगातार सड़क पर उतरकर और क्षेत्र में घूम-घूमकर काम कर रहे हैं लोगों को नजरअंदाज किया गया है। इसी वजह से कार्यकर्ता परितोष का विरोध कर रहे हैं। सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने अलीपुरद्वार में मौजूद बीजेपी कार्यालय में जमकर बवाल काटा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में रखी कुर्सियों को तोड़ दिया।
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पार्टी हाईकमान से अलीपुरद्वार सीट से उम्मीदवार परितोष दास को हटाने की मांग की है। इस मामले को लेकर प्रदेश सचिव दीपक बर्मन ने कहा, “पिछले साल BJP ने जिस उम्मीदवार को टिकट दिया था, वह बाद में TMC में शामिल हो गया था। बस इसी वजह से कार्यकर्ता नाराज हैं। ऐसा तब होता है जब लोगों की पसंद अलग-अलग होती है। यह पार्टी का अंदरूनी मामला है। इस पूरे मामले को लेकर नाराज कार्यकर्ताओं से बात की जा रही है। जल्द ही सब सामान्य हो जाएगा।
अन्य जगहों पर भी हो सकता है विरोध
चुनाव से पहले इस घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में अन्य जगहों पर भी ऐसा विरोध देखने को मिल सकता है। कहा जा रहा है कि टीएमसी के कई नेताओं ने हाल ही में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है। इसके बाद पार्टी हाई कमान ने इन्हें टिकट पकड़ा दिया। बस इसी बात को लेकर कार्यकर्ताओं में गुस्सा है। वहीं टीएमसी में अभी तक टिकट या उम्मीदवारों को लेकर किसी भी तरह का विरोध देखने को नहीं मिला है। दरसअल, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस बार पहले से ज्यादा आक्रामक नजर आ रही हैं। उन्हें पता है, इस बार बीजेपी ने पश्चिम बंगाल को जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसीलिए खुद ममता सड़क पर उतरकर टीएमसी को लीड करते हुए बीजेपी पर हमला बोल रही हैं।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।