लेटेस्ट न्यूज़
24 Dec 2025, Wed

20 साल बाद साथ आएंगे ठाकरे बंधु, क्या बचा पाएंगे शिवसेना का आखिरी किला

मुंबई, एजेंसी। महाराष्ट्र की सियासत करवट ले रही है। 20 साल बाद एक तरफ उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे कुंभ में बिछड़े भाइयों की तरह मिल रहे हैं तो चाचा पवार और उनके भतीजे के मन में नई उम्मीदें जागी हैं। कांग्रेस का मन खट्टा हो गया है। भाजपा हाल की जीत से कॉन्फिडेंट है। बीएमसी चुनाव का माहौल फिलहाल विधानसभा इलेक्शन की तरह बन गया है।
महाराष्ट्र निकाय चुनावों में भाजपा के विस्फोटक प्रदर्शन के बाद अब बीएमसी चुनाव के समीकरण सेट होने लगे हैं। पूरे देश की नजरें मुंबई के इस बड़े आयोजन पर हैं। मुंबई सहित राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के लिए इलेक्शन 15 जनवरी 2026 को होगा और नतीजे 16 को आएंगे। बृहन्मुंबई महानगर पालिका एशिया का सबसे बड़ा और अमीर नगर निगम है। देश के कई राज्यों का बजट भी इससे कम ही है। हां, बजट के लिहाज से अरुणाचल, गोवा जैसे राज्य इसके सामने छोटे नजर आते हैं। BMC का सालाना बजट करीब 75 हजार करोड़ रुपये है। और इस निगम पर काफी समय से ठाकरे परिवार का दबदबा है। ऐसे समय में जब पार्टी दो टुकड़ों में बंट चुकी है। विधानसभा और हाल के चुनावों में निराशाजनक प्रदर्शन के बीच उद्धव ठाकरे अपने आखिरी किले को बचाने के लिए परिवार मजबूत करने में जुटे हैं। इसी का नतीजा है कि 20 साल के लंबे गैप के बाद ठाकरे ब्रदर्स एक हो रहे हैं।
‘भाजपा को सबक सिखाने के लिए हुए एकजुट’, बोले संजय राउत
शिवसेना (यूबीटी) के नेता ने कहा, ’20 वर्षों तक ठाकरे बंधुओं का साथ नहीं रहा और महाराष्ट्र को इसका बहुत नुकसान उठाना पड़ा। अब भाजपा को सबक सिखाने और मुंबई में चल रही लूट को रोकने के लिए उद्धव और राज ठाकरे एकजुट हुए हैं। हम मुंबई की 10 नगर निगमों में एक साथ चुनाव लड़ेंगे।’
कांग्रेस ने गठबंधन के एलान पर खड़े किए सवाल
बीएमसी चुनाव के लिए शिवसेना (यूबीटी) और एमएनएस के गठबंधन पर कांग्रेस नेता अतुल लोंढे ने कहा कि आज खबर आई है कि अजित पवार और शरद पवार गठबंधन करने जा रहे हैं। उन्होंने सवाल खड़े करते हुए कहा कि क्या इसका मतलब यह है कि महायुति में फूट पड़ गई है?
‘महाराष्ट्र के लिए ऐतिहासिक दिन’, बोले शिवसेना (यूबीटी) विधायक
इस गठबंधन के एलान पर शिवसेना (यूबीटी) विधायक सचिन अहीर ने कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति में यह एक ऐतिहासिक दिन है, जब ठाकरे परिवार एक साथ आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘महाराष्ट्र के लिए इसकी बहुत जरूरत है। यह आशा की किरण है। आज दोपहर गठबंधन का एलान किया जाएगा। भाजपा के विरोधियों को एकजुट होना चाहिए।’

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।