एलआईसी की इस स्‍कीम में हर महीने 10 हजार लगाते तो 5 साल में जुटा लेते 12 लाख, सिर्फ 1,000 से कर सकते हैं शुरू

भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) देश की सबसे बड़ी इंश्‍योरेंस कंपनी है। एलआईसी की एक म्यूचुअल फंड स्‍कीम ने कम समय में अपने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। इसका नाम है – एलआईसी एमएफ डिविडेंड यील्ड फंड। इस म्‍यूचुअल फंड स्‍कीम में न्यूनतम एसआईपी निवेश सिर्फ 1,000 रुपये है। इसका बेंचमार्क निफ्टी 500 टीआरआई है। यह स्‍कीम ऐसे लोगों के लिए है जो शेयर बाजार में निवेश तो करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें सही जानकारी नहीं है।
म्यूचुअल फंड में निवेश न केवल अच्छा रिटर्न देता है, बल्कि चक्रवृद्धि की शक्ति को भी जोड़ता है। इससे निवेशकों को लंबी अवधि में एक अच्छा फंड बनाने में मदद मिलती है। म्‍यूचुअल फंड स्‍कीमों का प्रबंधन पेशेवर करते हैं। यह इन स्‍कीमों को निवेश के लिए सुरक्षित विकल्प बनाता है।
एलआईसी की MF स्‍कीम ने द‍िया शानदार र‍िटर्न
ईटी नाउ डिजिटल ने एम्‍फी पर उपलब्ध म्यूचुअल फंड डेटा का विश्लेषण किया। इससे पता चलता है कि डिविडेंड यील्ड कैटेगरी की कई योजनाओं ने पिछले एक साल में अच्छा रिटर्न दिया है। पिछले 3 से 5 वर्षों में भी वे अपने निवेशकों को अच्छा रिटर्न देने में कामयाब रही हैं।
पिछले एक साल में एलआईसी एमएफ डिविडेंड यील्ड फंड (डायरेक्‍ट प्‍लान) 60.25 फीसदी के सीएजीआर के साथ विजेता के रूप में उभरा है। इस स्‍कीम ने 37.13 फीसदी के बेंचमार्क रिटर्न को कहीं पीछे छोड़ दिया है।
म्यूचुअल फंड स्‍कीम के पिछले रिटर्न के अनुसार, अगर किसी निवेशक ने 5 साल से हर महीने इसमें 10,000 रुपये एसआईपी के जरिये लगाए होते तो उनका कॉर्पस बढ़कर 12,89,992 रुपये हो गया होता। इसमें सालाना रिटर्न 31.19 फीसदी होता।
स्‍कीम की टॉप होल्‍ड‍िंंग्‍स में ये शेयर
एलआईसी एमएफ डिविडेंड यील्ड फंड की टॉप होल्डिंग्स में एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल), आईसीआईसीआई बैंक और पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन शामिल हैं।
टॉप 5 शेयरों में से प्रत्येक का स्‍कीम की संपत्ति का 2 फीसदी से ज्‍यादा है। एलआईसी की डिविडेंड यील्ड योजना 21 दिसंबर, 2018 को शुरू हुई थी। इसने लॉन्च होने के बाद से 24.85 फीसदी रिटर्न दिया है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular