लेटेस्ट न्यूज़
11 Feb 2026, Wed

मथुरा में एक ही परिवार के पांच लोगों ने किया सुसाइड, इलाके में दहशत का माहौल

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक ही परिवार के पांच लोगों ने जहर पी लिया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों ने रात को दूध में जहर मिलाकर पी लिया। सुबह जब वे लोग नहीं उठे तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पांचों की मौत हो गई है।
मामला महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव का है। पुलिस का कहना है कि मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
शुरुआती जांच के मुताबिक, पहले पति-पत्नी ने अपने तीनों बच्चों को दूध में जहर मिलाकर पिलाया। फिर खुद भी सुसाइड कर लिया। आखिर क्यों उन्होंने ये खौफनाक कदम उठाया, इसका अभी पुलिस पता लगा रही है।
आस-पड़ोस में पसरा मातम
वहीं, परिवार के इस तरह खत्म हो जाने के बाद से पूरे इलाके में मातम का माहौल है। रिश्तेदारों से लेकर आस-पड़ोस के लोग अभी भी ये समझ नहीं पा रहे है कि आखिर परिवार किस बात से परेशान था कि उन्होंने ये कदम उठा लिया।
स्पष्ट नहीं आत्महत्या के कारण
इस परिवार के आत्महत्या के पीछे की आखिर वजह क्या रही, ये फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
दीवार पर लिखे ये शब्द
घर के अंदर परिवार के सभी लोगों की लाशें मिलीं हैं। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार घर के अंदर दीवार पर लिखा है कि ‘अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं।’
सबकुछ हो गया खत्म, रो पड़े सीमा के पिता
बेटी सीमा और दामाद मनीष के साथ मासूम धेवता और धेवती की मौत की खबर मिलते ही विजेन्द्र भी गांव पहुंच गए। विजेन्द्र ने बताया कि बेटी और दामाद से एक दिन पहले ही मिलने आए थे। उन लोगों से बात भी हुई थी। ऐसा कुछ हो जाएगा, इसका अंदाजा भी नहीं था। उन्होंने बताया कि किसी तरह की कोई समस्या तो नहीं थी, लेकिन कुछ समय से मनीष का अपने भाई बिल्लू से विवाद चला आ रहा था।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।