लेटेस्ट न्यूज़
27 Mar 2026, Fri

जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बच्ची ने गिफ्ट किया बुलडोजर

लखनऊ। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तर गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर के दर्शन के दौरान एक पांच वर्षीय बच्ची ने उन्हें खिलौना बुलडोजर भेंट किया। इस भावपूर्ण घटना ने सोशल मीडिया पर तुरंत सुर्खियां बटोरीं। अपने परिवार के साथ आई कानपुर की यशस्विनी ने मंदिर परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच मुख्यमंत्री से संपर्क किया और उन्हें छोटा बुलडोजर सौंप दिया। मुख्यमंत्री ने बच्ची को बुलडोजर लौटाते हुए उसे अच्छे से पढ़ाई करने और बुलडोजर से खेलने के लिए कहा। बुलडोजर आदित्यनाथ की शासन शैली का प्रतीक बन गया है, जिसके तहत अपराधों के आरोपियों से जुड़ी संपत्तियों को ध्वस्त किया गया है। विपक्ष इस प्रथा की अक्सर बुलडोजर राज कहकर आलोचना करता रहा है। दूसरी ओर योगी आदित्यनाथ ने कमजोर तबके पर दबंगई दिखाने वालों को चेताया कि राज्य में गुंडागर्दी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस को ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। कमजोर तबके के लोगों को कुछ दबंगों द्वारा डराने-धमकाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। यदि कोई अभियुक्त जमानत पर छूटने के बाद वादी को धमका रहा हो, तो उसकी जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई की जाए।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए त्वरित और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए और कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सरकार का संकल्प है। योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिना भेदभाव सभी को न्याय मिले, हर पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित हो और जमीन कब्जाने वाले भू-माफिया व दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।