लेटेस्ट न्यूज़
1 Aug 2025, Fri

ट्रंप के टैरिफ से पहले बढ़ गई भारत की चिंता, निर्यात में लगातार चौथे महीने गिरावट, व्यापार घाटा कम हुआ

नई दिल्ली, एजेंसी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय सामान पर 2 अप्रैल से रेसिप्रोकल टैरिफ लगाने की घोषणा की है। उनका कहना है कि अमेरिका में भारतीय सामान पर उतना ही टैक्स लगेगा जितना अमेरिका सामान पर भारत में लगता है। माना जा रहा है कि इससे भारत को सालाना करीब 7 अरब डॉलर का नुकसान हो सकता है। चीन के बाद अमेरिका भारत का दूसरा बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर है। लेकिन अमेरिका का टैरिफ लागू होने से पहले ही भारतीय निर्यात में लगातार गिरावट आ रही है। पेट्रोलियम कीमतों में उतार-चढ़ाव और वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण फरवरी में भारत का वस्तुओं का निर्यात लगातार चौथे महीने घटकर 36.91 अरब डॉलर रह गया।
सोमवार को जारी सरकारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। पिछले साल के समान महीने में देश का निर्यात 41.41 अरब डॉलर रहा था। हालांकि, वाणिज्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी में व्यापार घाटा कम होकर 14.05 अरब डॉलर रह गया। इसकी वजह यह है कि इस महीने देश का आयात घटकर 50.96 अरब डॉलर पर आ गया। निर्यात के आंकड़ों के मुकाबले आयात का आंकड़ा अधिक होने पर व्यापार घाटे की स्थिति बनती है। कुल मिलाकर, चालू वित्त वर्ष के पहले 11 महीनों (अप्रैल-फरवरी अवधि) में वस्तु और सेवा निर्यात 6.24% बढ़कर $750.53 अरब हो गया जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह $706.43 अरब था।
आयात-निर्यात
पिछले चार महीनों (नवंबर, 2024-फरवरी-2025) के दौरान भारत के उत्पाद निर्यात में मूल्य के लिहाज से गिरावट देखी गई। जनवरी में उत्पाद निर्यात $36.43 अरब रहा जबकि एक साल पहले यह $37.32 अरब था। दिसंबर में यह $38.01 अरब रहा जबकि दिसंबर 2023 में यह $38.39 अरब था। वहीं नवंबर, 2024 में उत्पाद निर्यात $32.11 अरब रह गया जो एक साल पहले की समान अवधि में $33.75 अरब था।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *