लेटेस्ट न्यूज़
1 Jun 2025, Sun

खरगे का दावा- PM मोदी को आतंकी हमले की खुफिया रिपोर्ट मिली थी, इसीलिए जम्मू-कश्मीर दौरा रद्द किया

रांची। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे झारखंड की राजधानी रांची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मंगलवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी को जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले की खुफिया रिपोर्ट मिली थी, जिसके बाद ही उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश का अपना दौरा रद्द कर दिया था। उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम हमले से तीन दिन पहले प्रधानमंत्री को एक खुफिया रिपोर्ट भेजी गई थी। इसलिए उन्होंने कश्मीर जाने का अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया। मैंने यह बात एक अखबार में भी पढ़ी।
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें से ज्यादातर पर्यटक थे। झारखंड की राजधानी रांची में ‘संविधान बचाओ’ रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रमुख ने दावा किया कि सर्वदलीय बैठक के दौरान पीएम मोदी ने स्वीकार किया कि खुफिया जानकारी में खामी थी। उन्होंने पूछा, ‘क्या केंद्र को पहलगाम हमले में हुई मौतों के लिए जवाबदेह नहीं होना चाहिए, जब उसने खुफिया जानकारी में खामी स्वीकार कर ली है।’ उन्होंने एलान किया कि कांग्रेस पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी कार्रवाई के लिए केंद्र के साथ खड़ी है, क्योंकि देश सर्वोच्च है और पार्टी, धर्म और जाति से परे है।
‘भाजपा केवल ‘जुमला’ में विश्वास करती है’
उन्होंने कहा कि हम भारत, गरीब लोगों, आदिवासियों के लिए लड़ते हैं। भाजपा केवल ‘जुमला’ (बयानबाजी) में विश्वास करती है। कांग्रेस प्रमुख ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी की नीति सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों को बंद करना, एससी, एसटी, ओबीसी समुदायों से नौकरियां छीनना है।
भाजपा ने किया पलटवार
मामले में भाजपा ने पलटवार किया। झारखंड भाजपा प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने कहा कि खरगे की टिप्पणी ऐसे महत्वपूर्ण समय पर आई है, जब आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई निर्णायक मोड़ पर है।

By Prabhat Pandey

प्रभात पांडेय आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार और दिशा एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक हैं। निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने वाले प्रभात पांडेय प्रेरणा और सकारात्मकता के प्रतीक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *