लेटेस्ट न्यूज़
7 Mar 2026, Sat

टी20 विश्वकप के इतिहास में कोई टीम लगातार दो खिताब नहीं जीत पाई, क्या भारत कर पाएगा चमत्कार?

नई दिल्ली, एजेंसी। टी20 विश्वकप के इतिहास में अब तक कोई भी टीम लगातार दो बार खिताब नहीं जीत पाई है या यूं कहें कि अपने टाइटल को डिफेंड नहीं कर पाई है। ऐसे में भारत के पास इस बार इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की अगुआई में 2024 में टी20 विश्व कप जीतकर लंबे समय बाद यह खिताब अपने नाम किया था। अब अगर टीम इंडिया 2026 का फाइनल भी जीत जाती है तो वह टी20 विश्व कप इतिहास में लगातार दो ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी।
फाइनल में न्यूजीलैंड से मुकाबला
फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। दोनों टीमों को शुरुआती स्टेज में जूझना पड़ा है और किसी तरह लड़ते-गिरते फाइनल में पहुंची है। भारत ने ग्रुप स्टेज के अपने सभी मैच जीते और सुपर-8 में पहुंची। सुपर-8 के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद टीम ने लगातार दो मैच जीते और सेमीफाइनल में जगह बनाई। फिर इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंची है। वहीं, न्यूजीलैंड को ग्रुप स्टेज में दक्षिण अफ्रीका से हार मिली। सुपर-8 में भी इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, बेहतर नेट रन रेट के दम पर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच गई। फिर उसने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर रिकॉर्ड बनाया और फाइनल में पहुंची। अब दोनों टीमें खिताब के लिए जोर लगाएंगी।
इंग्लैंड को सेमीफाइनल में कड़े मुकाबले में हराने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है। वहीं, न्यूजीलैंड ने भी सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को एकतरफा अंदाज में हराया था और नौ विकेट से जीत हासिल की थी। ऐसे में मुकाबला दिलचस्प रहने की उम्मीद है।
टी20 विश्व कप के सबसे सफल देश
टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड ने दो-दो बार खिताब जीता है, लेकिन इनमें से कोई टीम लगातार दो खिताब नहीं जीत सकी है। भारत ने भी 2007 और 2024 में ट्रॉफी अपने नाम की है। वहीं, इंग्लैंड ने 2010 और 2022 में ट्रॉफी जीती। वेस्टइंडीज ने 2012 और 2016 में खिताब जीता था। भारत अगर विश्वकप जीता तो तीन टी20 विश्वकप खिताब जीतने वाली पहली टीम बनेगी। यही वजह है कि इस बार भारत के सामने एक बड़ा ऐतिहासिक मौका है। इसके अलावा पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका एक-एक बार चैंपियन बन चुके हैं।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।