लेटेस्ट न्यूज़
6 Mar 2026, Fri

यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने किया टॉप, 180 बनेंगे आईएएस

नई दिल्ली, एजेंसी। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने आज शुक्रवार को यूपीएससी सिविल सेवा 2025 के अंतिम परिणाम जारी कर दिए हैं। अनुज अग्निहोत्री ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया है। अनुज के बाद राजेश्वरी सुवे एम और आकांश धुल शीर्ष 3 में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। 180 छात्रों का चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के लिए किया गया है।
सिविल सेवा परीक्षा में पहले 10 स्थान में जगह बनाने वालों में अनुज, राजेश्वरी और आकांश के अलावा राघव झुनझुनवाला, ईशान भटनागर, जीनिया अरोड़ा, ए आर राजा मोहद्दीन, पक्षल सेक्रेटरी, आस्था जैन और उज्जवल प्रियांक शामिल हैं।
25 मई को हुई थी प्रारंभिक परीक्षा
पिछले साल 25 मई को सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा हुई थी। जबकि मुख्य परीक्षा 22 अगस्त से 31 अगस्त, 2025 तक कराई गई थी। आखिरी दौर की परीक्षा यानी पर्सनैलिटी टेस्ट या इंटरव्यू 27 फरवरी, 2026 को खत्म हुआ।
मुख्य परीक्षा के बाद 2,736 छात्रों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। यूपीएससी की इस अहम परीक्षा के लिए इंटरव्यू की शुरुआत 5 जनवरी से हो गई थी और यह प्रक्रिया 27 फरवरी तक चली थी। रिजल्ट जारी होने के बाद 15 दिनों के अंदर मार्क्स को UPSC की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।
180 आईएएस तो 150 बनेंगे आईपीएस
संघ लोक सेवा आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 958 पदों पर भर्ती की गई है। पास करने वालों में 180 सफल अभ्यर्थी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में जाएंगे, जबकि 55 भारतीय विदेश सेवा तो 150 भारतीय पुलिस सेवा में जाएंगे। IAS के लिए 180 पदों में से 74 अनारक्षित हैं, जबकि 28 अनुसूचित जाति, 13 अनुसूचित जनजाति, 47 ओबीसी और 18 ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए रिजर्व है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।