लेटेस्ट न्यूज़
5 Feb 2025, Wed

विपक्षी गठबंधन के नेतृत्व पर मणिशंकर अय्यर का दावा, कहा- मुखिया पद छोड़ने के लिए तैयार रहे कांग्रेस

नई दिल्ली। विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेतृत्व को लेकर लगाए जा रहे कयासों के बीच पूर्व कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इंडिया गठबंधन का मुखिया पद छोड़ने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो भी इसका नेता बनना चाहता है, उसे बनने दिया जाए। ममता बनर्जी में यह योग्यता है और गठबंधन के अन्य दलों के लोगों में भी यह योग्यता है।
एक मीडिया संगठन को दिए साक्षात्कार में पूर्व कांग्रेस नेता ने कहा कि मुझे गठबंधन के नेता को लेकर परवाह इसलिए नहीं है क्योंकि कांग्रेस और कांग्रेस नेता की भूमिका हमेशा अहम रहेगी। चाहे वह पार्टी के अकेले रहने में हो या फिर इंडिया ब्लॉक में। गठबंधन में भी कांग्रेस की भूमिका अहम रही है। मुझे लगता है कि राहुल गांधी को इंडिया गठबंधन के अध्यक्ष से ज्यादा कांग्रेस नेता के रूप में सम्मान मिलेगा।
लोकसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन का प्रदर्शन बेहतर रहा था। भाजपा की सीटें कम हुईं तो विपक्षी गठबंधन में जोश दिखा। मगर जैसे-जैसे राज्यों के चुनाव हुए तो विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में मतभेद शुरू होने लगे। विपक्षी गठबंधन में सबसे ज्यादा मतभेद कांग्रेस की स्थिति को लेकर है। हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद अब कई पार्टियां गठबंधन में अपनी ताकत दिखाने लगी हैं।
ममता बनर्जी ने जताया था असंतोष
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के कामकाज पर असंतोष व्यक्त किया था और मौका मिलने पर इसकी कमान संभालने के अपने इरादे का संकेत दिया था। उन्होंने कहा था कि वह बंगाल की मुख्यमंत्री के रूप में अपनी भूमिका जारी रखते हुए विपक्षी मोर्चे के नेतृत्व के साथ दोहरी जिम्मेदारी संभालने में सक्षम होंगी। वरिष्ठ विपक्षी नेता लालू प्रसाद यादव और शरद पवार ने ममता बनर्जी का समर्थन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *