लेटेस्ट न्यूज़
9 Mar 2026, Mon

न्यूजीलैंड को हराकर वर्ल्ड चैंपियन बना भारत, तीसरी बार जीता टी20 वर्ल्ड कप का खिताब; अहमदाबाद में रचा इतिहास

भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीत लिया है। फाइनल मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर इतिहास रच दिया है। भारत ऐसा पहला देश बन गया है, जिसने टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी को डिफेंड किया है। अहमदाबाद में खेले गए इस फाइनल मैच में भारत ने पहले खेलते हुए 255 रन बनाए थे, जवाब में कीवी टीम 159 रन ही बना सकी।
भारतीय टीम ने रचा इतिहास
अब तक वेस्टइंडीज और इंग्लैंड भी 2-2 बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बने हैं, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी को 3 बार जीतने वाला भारत पहला देश बन गया है। टीम इंडिया ने 2007, 2024 और अब 2026 का खिताब जीता है। इससे पहले कोई भी टीम लगातार 2 बार टी20 फॉर्मेट का वर्ल्ड कप नहीं जीत पाई थी। भारत इस उपलब्धि को हासिल करने वाला भी पहला देश बना है।
बनाया था फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर
भारतीय टीम टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग करने आई थी। संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने तूफानी अंदाज में अर्धशतक लगाया। सैमसन ने 89 रन बनाए, जो इस वर्ल्ड कप में उनकी लगातार तीसरी अर्धशतकीय पारी रही। वहीं अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रनों की पारी खेली, इस दौरान उन्होंने 18 गेंद में पचासा जड़ा। ईशान किशन ने भी 25 गेंद में 54 रनों का योगदान दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बनाए थे। यह टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर रहा। इससे पिछला रिकॉर्ड भी भारत के ही नाम था, जिसने 2024 वर्ल्ड कप के फाइनल में 176 रन बनाए थे। अब टीम इंडिया ने अपने ही रिकॉर्ड को बेहतर करते हुए 255 रन बनाए।
96 रनों की जीत
256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई न्यूजीलैंड की टीम कभी जीत की रेस में थी ही नहीं। टिम साइफर्ट के 52 रन और कप्तान मिचेल सैंटनर की 43 रनों की पारी के अलावा कोई भी कीवी बल्लेबाज प्रभावशाली पारी नहीं खेल पाया। भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट जसप्रीत बुमराह ने लिए, जिन्होंने कुल 4 विकेट झटके। वहीं अक्षर पटेल ने 3 बल्लेबाजों को आउट किया। उनके अलावा हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा ने भी एक-एक विकेट लिया।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।