नई दिल्ली। इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ की रिलीज में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाहें चल रही थीं कि सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ से बॉक्स ऑफिस टकराव से बचने के लिए ‘आवारापन 2’ की रिलीज टाली जा सकती है। हालांकि अब फिल्म के निर्माताओं ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
फिल्म के निर्माता विशेष भट्ट और अभिनेता इमरान हाशमी ने स्पष्ट कर दिया है कि ‘आवारापन 2’ अपनी तय तारीख पर ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बुधवार को विशेष फिल्म्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का एक नया प्रोमो साझा किया और ट्रेलर रिलीज की जानकारी दी।
पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, “आज सुबह 11:11 बजे… शिवम रिटर्न्स। ‘आवारापन 2’ का ट्रेलर। फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में।” इसके साथ ही मेकर्स ने ट्रेलर रिलीज का समय भी साझा किया।
इससे पहले इंस्टाग्राम लाइव के दौरान विशेष भट्ट ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों का जवाब देते हुए कहा कि फिल्म की रिलीज डेट घोषित होने के बाद कभी भी इसमें बदलाव नहीं किया गया। उन्होंने सितंबर तक रिलीज टालने की खबरों को पूरी तरह निराधार बताया और कहा कि ऐसी सूचनाएं बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के फैलाई गई थीं।
विशेष भट्ट ने यह भी कहा कि विशेष फिल्म्स अपनी फिल्मों की रिलीज में अनावश्यक देरी करने के लिए नहीं जानी जाती। उन्होंने दर्शकों को भरोसा दिलाया कि ‘आवारापन 2’ स्वतंत्रता दिवस वीकेंड पर तय कार्यक्रम के अनुसार सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
स्टारकास्ट और टीम
निर्देशक नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के अपने चर्चित किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ दिशा पटानी, शबाना आजमी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली, अनिरुद्ध रावल और अतुल कुमार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म को विशेष फिल्म्स प्रस्तुत कर रहा है। इसका निर्माण विशेष भट्ट ने किया है, जबकि कहानी और पटकथा बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है। फिल्म का संगीत मिथुन, जीत गांगुली, अमाल मलिक और अखिल सचदेवा ने तैयार किया है।
‘आवारापन 2’ 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

